कांग्रेस में गुटबाजी पर आप का हमला, नील गर्ग बोले- 'फोटो खिंचवाने की होड़ में लगी कांग्रेस'

चंडीगढ़, 5 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्य प्रवक्ता नील गर्ग ने कांग्रेस में कथित गुटबाजी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को उजागर करने का दावा किया।


नील गर्ग ने अपने पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस की "कुर्सी-कब्जी" की लड़ाई नए चरण में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी अपना अलग अखाड़ा सजा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर पंजाब कांग्रेस प्रभारी राजारानी रंधावा का दौरा भी चर्चा में है।

आप नेता ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए लिखा कि अब कांग्रेस में यह होड़ मची हुई है कि "कौन किसके साथ फोटो खिंचवाएगा।" उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह पार्टी के भीतर गुटबाजी का संकेत नहीं है।

नील गर्ग ने आगे कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी का संगठन नहीं संभल रहा है, तो पंजाब को वह क्या संभालेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता कांग्रेस की इस कथित अंदरूनी खींचतान को पहचान चुकी है और सही समय पर इसका जवाब देगी।

गौरतलब है कि नील गर्ग का यह बयान कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों और नेताओं की गतिविधियों के बीच सामने आया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस ट्वीट पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Comments