पंचकूला में 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ


पंचकूला 2 अगस्त: नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14 पंचकूला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।


इस अवसर पर हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग और माई भारत, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यक्रम में विद्यार्थियों, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं एनएसएस वॉलिंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों एवं एनएसएस वॉलिंटियर्स को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए निरंतर एवं प्रभावी प्रयास कर रही है। केंद्र एवं हरियाणा सरकार युवाओं को नई दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं एवं स्टार्टअप के माध्यम से बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं के सामने नशे जैसी गंभीर चुनौती भी है। इससे बचने के लिए आवश्यक है कि युवा सकारात्मक, रचनात्मक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप, स्वरोजगार और कौशल विकास जैसी पहल के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा "नशा मुक्त भारत अभियान" केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन है। यह अभियान नशा मुक्त हरियाणा और नशा मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है।


श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक सदैव समाज को सकारात्मक और नई दिशा देने का कार्य करते रहे हैं। इस अभियान में भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे जन-जन तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएं, लोगों को जागरूक करें और समाज को बेहतर दिशा देने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्राध्यापकों ने हमेशा समाज को सकारात्मक मार्गदर्शन दिया है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में प्रत्येक स्वयंसेवक इस राष्ट्रव्यापी अभियान का सक्रिय भागीदार बनकर नशा मुक्त हरियाणा और नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


कृषि मंत्री ने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं। यदि वे नशे की लत का शिकार हो जाते हैं, तो उनका शिक्षा, करियर और जीवन के सपने प्रभावित हो सकते हैं। इसके विपरीत, यदि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान दें, तो वे देश के विकास, समृद्धि और प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। ’’नशा मुक्त भारत अभियान’’ एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, क्योंकि जागरूकता ही नशे की रोकथाम का पहला कदम है। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को सही मार्गदर्शन दें और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। सामूहिक प्रयासों से ही ऐसा वातावरण बनाया जा सकता है, जहाँ स्वास्थ्य, अनुशासन, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा मिले तथा नशे जैसी बुराइयों को समाप्त किया जा सके।

उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि हम स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें तथा अपने मित्रों और समाज के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास समाज में एक बड़ा परिवर्तन ला सकता है। हरियाणा में लगभग 1,60,000 एनएसएस स्वयंसेवक तथा लगभग 50,000 एनसीसी कैडेट हैं यदि ये सभी युवा पूर्ण समर्पण, अनुशासन और उत्साह के साथ ’’नशा मुक्त भारत अभियान’’ से जुड़ जाएँ, तो इस अभियान के लक्ष्य को बहुत शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है। इनके संयुक्त प्रयास, जागरूकता अभियान, रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक, सामुदायिक संपर्क, विद्यालयों एवं गाँवों में जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली गतिविधियाँ नशे के विरुद्ध एक सशक्त जन-आंदोलन का रूप ले सकते हैं।

श्री श्याम सिंह राणा ने उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा की विभाग के नेतृत्व में एनएसएस, एनसीसी, स्पोर्ट्स, माय भारत के विद्यार्थीयों और अन्य सभी छात्र छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए जिस तरह शानदार प्रयास किये जा रहे है, उन्हें उम्मीद है इन प्रयासों के परिणामस्वरूप हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को सार्थक करते हुए विकसित भारत 2047 को साकार करेंगे।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर -14 पंचकूला और माई भारत, पंचकूला को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्री एस. नारायणन ने कहा कि ’’नशा मुक्त भारत अभियान’’ के अंतर्गत उच्चतर शिक्षा विभाग के अधीन महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा ’’राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाइयाँ युवाओं में नशे की रोकथाम एवं जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उच्च शिक्षा विभाग के नेतृत्व में महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएँ, व्याख्यान, जागरूकता रैलियाँ तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को मादक पदार्थों, शराब, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवक गाँवों का भ्रमण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर नशा मुक्त समाज का संदेश देते हैं। महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताएँ, मैराथन, योग शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित करते हैं, जिससे युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा , स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न नशा विरोधी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है ।

इस अवसर पर उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री नीरज शर्मा, एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी और राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14 की प्रिंसिपल डॉ खुशीला, समस्त स्टाफ सदस्य, माई भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments