पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ा अभियान, “GANGSTARA TE WAR” मुहिम शुरू

चंडीगढ़/पंजाब – पंजाब में बढ़ते संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ “GANGSTARA TE WAR” नाम से विशेष मुहिम शुरू की है। डीजीपी ने बताया कि गैंगस्टरों को खत्म करने के लिए विस्तृत और ठोस प्लान तैयार किया गया है, जिस पर तेजी से अमल किया जा रहा है।

डीजीपी के अनुसार गैंगस्टरों पर प्रोफेशनल तरीके से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मुहिम के तहत पुलिस का बड़ा ऑपरेशन पूरे प्रदेश में लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में 2000 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें करीब 12000 पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जो अलग-अलग इलाकों में रेड कर रहे हैं।
डीजीपी ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत 72 घंटे के भीतर गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की रणनीति बनाई गई है। इसके साथ ही विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को जल्द भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया तेज की जा रही है। गैंगस्टरों को विदेश भेजने या उन्हें पनाह देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि सरकार ने 10 करोड़ रुपये की रिवॉर्ड पॉलिसी को मंजूरी दी है। इसके तहत गैंगस्टरों और नशा तस्करों के बारे में पुख्ता सूचना देने वालों को नकद इनाम दिया जाएगा। साथ ही नशा तस्करों और गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियों को सीज किया जाएगा।

आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया है। डीजीपी ने जनता से अपील की है कि वे बिना डर अपराधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर निर्णायक चोट करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Comments