शिमला नगर निगम की एफसीपीसी बैठक में कई अहम फैसले, पेंशनर्स और ग्रुप-डी कर्मचारियों को मिलेगा 2 करोड़ रुपये का एरियर
बैठक में पेंशनर्स और ग्रुप-डी कर्मचारियों के लंबित एरियर के भुगतान के लिए करीब 2 करोड़ रुपये जारी करने का फैसला लिया गया। इससे लंबे समय से अपने बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में सराय भवन के निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। इसके अलावा मशोबरा में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का निर्णय लिया गया, ताकि स्थानीय लोगों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
शहर की चार पार्किंग को लेकर भी एफसीपीसी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इन पार्किंग में 50 फीसदी स्थान स्थानीय लोगों के लिए निर्धारित किए जाएंगे। स्थानीय लोगों को यह सुविधा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर देने की बात कही गई है। वहीं बाकी 50 फीसदी हिस्से के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
बैठक में शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। टूटीकंडी में डॉग हट्स बनाने के लिए करीब 70 लाख रुपये खर्च करने का फैसला लिया गया है। इसका उद्देश्य कुत्तों के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था करना है।
इसके साथ ही नगर निगम की ओर से 3 अक्टूबर से कुत्तों के वैक्सीनेशन और नसबंदी का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत शहर में आवारा कुत्तों का टीकाकरण और नसबंदी की जाएगी, ताकि उनकी संख्या को नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि एफसीपीसी की बैठक में शहर और नगर निगम कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ लंबित कार्यों को गति देना है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें