19 से 23 जुलाई तक पांच जिलों का करेंगे दौरा, जिला कार्यकारिणी एवं वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद; प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी रहेंगे साथ
चंडीगढ़।हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी श्री संजय दत्त ने आज पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में पार्टी के पराजित उम्मीदवारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर उनसे चुनावी अनुभव, संगठन की स्थिति तथा भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनाने पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान श्री संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शीघ्र ही जिला-स्तरीय संगठनात्मक दौरे की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि दौरे का प्रथम चरण 19 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित होगा, जिसके अंतर्गत पांच जिलों का भ्रमण किया जाएगा। इस पूरे दौरे में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
श्री संजय दत्त ने कहा कि प्रत्येक जिले में जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन (One-to-One) संवाद कर संगठनात्मक फीडबैक लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं के सुझावों को प्राथमिकता देना तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए एक मजबूत एवं सक्रिय संगठन तैयार करना है।
प्रथम चरण का दौरा कार्यक्रम
19 जुलाई: पंचकूला एवं यमुनानगर
20 जुलाई: यमुनानगर एवं अंबाला
21 जुलाई: अंबाला एवं कुरुक्षेत्र
22 जुलाई: कुरुक्षेत्र एवं करनाल
23 जुलाई: करनाल
रात्रि विश्राम संबंधित जिले में रहेगा।
श्री संजय दत्त ने कहा कि यह दौरा केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद के माध्यम से संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उसे और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान से हरियाणा कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए और अधिक सशक्त होकर तैयार होगा।

Comments
Post a Comment