चंडीगढ़, 15 नवंबर। सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में रविवार को एमबीजी पेन फ्री क्लीनिक की ओर से एमबीजी हेल्थकेयर फाउंडेशन के सहयोग से निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें लोगों को हड्डियों, जोड़ों और आंखों से संबंधित स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
कैंप में निःशुल्क ऑर्थोपेडिक एवं नेत्र जांच के अलावा एक्स-रे, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) टेस्ट तथा हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड और फास्टिंग ग्लूकोज की रक्त जांच की गई। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध करवाए गए।
कैंप का संचालन ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. गुरविंदर सिंह बल के नेतृत्व में किया गया। डॉ. बल एमबीबीएस और एमएस (ऑर्थोपेडिक्स) हैं तथा जीएमएसएच-16 और पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें जॉइंट रिप्लेसमेंट और स्पोर्ट्स इंजरी के उपचार का अनुभव है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुखमनी साहिब का पाठ करवाया गया, जिसके बाद गुरु का लंगर वितरित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक गतिविधि के साथ-साथ समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें