स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर सरकार तत्काल ध्यान दे
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के साथ प्रदेश सरकार का कथित सौतेला व्यवहार बेहद चिंताजनक है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति लगातार चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन सरकार की ओर से इन समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।
यह बात भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश सह संयोजक राकेश शर्मा ने जारी एक प्रेस बयान में कही।
उन्होंने कहा कि बड़सर क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मरीजों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, बुजुर्गों और गरीब परिवारों को इससे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई संपर्क मार्गों की हालत दयनीय है। जगह-जगह टूटी सड़कें और अधूरे निर्माण कार्य आम जनता के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। खराब सड़कों के कारण न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों और क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राकेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं। शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में रिक्त डॉक्टरों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति की जाए तथा खराब सड़कों की मरम्मत और अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
राकेश शर्मा ने कहा कि विकास किसी राजनीतिक क्षेत्र या दल विशेष तक सीमित नहीं होना चाहिए। बड़सर की जनता भी प्रदेश की जनता का अभिन्न हिस्सा है और उसे भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा अच्छी सड़कें पाने का पूरा अधिकार है।
सरकार को राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर बड़सर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि क्षेत्र की जनता को उनका उचित हक मिल सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें