पर्यटन एवं धार्मिक आस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है सड़क, हजारों श्रद्धालु करते हैं आवागमन
हमीरपुर। बड़सर । भारतीय जनता पार्टी पर्यटन प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश सह संयोजक राकेश शर्मा ने मेहरे –धनेटा सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार, प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा करवाने की मांग की है।
राकेश शर्मा ने कहा कि मेहरे –धनेटा सड़क केवल स्थानीय लोगों के आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि पर्यटन एवं धार्मिक आस्था की दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व है। यह सड़क माता नैना देवी बाबा बालक नाथ मंदिर तथा जवालाजी जी मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों को जोड़ती है। इन मंदिरों में प्रतिदिन और विशेष धार्मिक अवसरों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में इस सड़क की खराब स्थिति श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय जनता के लिए भी गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सड़क की हालत बेहद दयनीय है। जगह-जगह गड्ढे होने और निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, सड़क पर उड़ती धूल-मिट्टी से स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा सांस संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
राकेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की बेहतर व्यवस्था करना पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहद आवश्यक है। यदि श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने के लिए खराब सड़कों और असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा, तो इससे धार्मिक पर्यटन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मेहरे –धनेटा सड़क का निर्माण कार्य बिना किसी देरी के पूरा करवाया जाए। जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव करवाया जाए तथा दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं।
राकेश शर्मा ने कहा कि यह मामला केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के स्वास्थ्य, सुरक्षा, धार्मिक आस्था और क्षेत्र के पर्यटन विकास से जुड़ा हुआ है। प्रशासन इस गंभीर समस्या का तुरंत संज्ञान लेकर हजारों लोगों और श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें