जनसमस्याओं का तुरंत समाधान करें अधिकारी, कोई देरी करेगा तो फिर मैं कार्रवाई करूंगा - ऊर्जा मंत्री अनिल विज
*पटवारी द्वारा इंतकाल में आठ माह देरी करने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने एसडीएम को जांच के निर्देश दिए, खामियां मिलने पर सस्पेंड करने को कहा*
*ऊर्जा मंत्री ने लालकुर्ती में कई होटलों की फायर एनओसी व अन्य जांच न होने पर नप अधिकारियों को लगाई फटकार*
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कबूतरबाजी मामलों में एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, बोले “मैनें पहले दो एसआईटी गठित कर कई कबूतरबाजों पर की थी कार्रवाई”*
*17 वर्षों से दुकानों का टैक्स नहीं वसूलने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नप अधिकारियों को लगाई फटकार*
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की जनसमस्याओं को सुना व कार्रवाई के निर्देश दिए*
चण्डीगढ, 12 नवम्बर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने सख्त लहजे में कहा कि वह सभी विभागों के अधिकारियों को यही कह रहे हैं कि जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए और यदि कोई समाधान में देरी करेगा तो फिर मैं कार्रवाई करने में देरी नहीं करूंगा, लोगों को बार-बार अपनी समस्याओं को लेकर न आना पड़े, इसलिए त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
श्री विज आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसमस्याओं को सुन रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष एक व्यक्ति ने अम्बाला छावनी तहसील में एक पटवारी द्वारा आठ माह से इंतकाल नहीं करने और बार-बार चक्कर लगाने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया और एसडीएम अम्बाला छावनी को मामले में जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी द्वारा व्यक्ति को बार-बार क्यों चक्कर लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इंतकाल में हो रही देरी की जांच की जाए और यदि जांच में पटवरी दोषी पाया जाता है तो उसे निलंबित भी किया जाए। इसी प्रकार, एक अन्य मामले में सीनियर सिटीजन ने तहसील में एक अन्य पटवारी द्वारा उसकी रजिस्टरी नहीं होने की शिकायत की जिसपर भी ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कड़ा संज्ञान लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए।
*ऊर्जा मंत्री ने लालकुर्ती में कई होटलों की फायर एनओसी व अन्य जांच न होने पर नप अधिकारियों को लगाई फटकार*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष लालकुर्ती निवासी व्यक्ति ने शिकायत देते हुए कहा कि लालकुर्ती में गत दिनों आगजनी की घटना हुई थी, मगर इसके बावजूद भी नगर परिषद, फायर ब्रिगेड या पुलिस द्वारा मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। उसका आरोप था कि लालकुर्ती में बिना एनओसी के कई होटल बन चुके हैं मगर नगर परिषद व अन्य किसी विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है जिससे भविष्य में भी हादसों का खतरा क्षेत्र में बना हुआ है। मंत्री अनिल विज ने मामले में नगर परिषद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कबूतरबाजी मामलों में एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, बोले “मैनें पहले दो एसआईटी गठित कर कई कबूतरबाजों पर की थी कार्रवाई”*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कबूतरबाजी के मामलों में एसपी अम्बाला को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जब उनके पास गृह विभाग था तब उन्होंने दो बार एसआईटी गठित कर सैकड़ों कबूतरबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी, मगर अब फिर कबूतरबाज उड़ रहे हैं जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
*17 वर्षों से दुकानों का टैक्स नहीं वसूलने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नप अधिकारियों को लगाई फटकार*
जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज को महिला ने शिकायत देते हुए नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाए और कहा कि 17 वर्षों से नगर परिषद कुछ दुकानों का प्रापर्टी टैक्स वसूल नहीं कर रही है। उसने कहा कि इस मामले में वह कई बार शिकायत कर चुकी है मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। महिला की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने कड़ा संज्ञान लेते हुए नप अधिकारियों को फटकार लगाई, उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा टैक्स रिकवरी में इतनी ढिलाई क्यों बरती जा रही है। उन्होंने हैरानी जताई की 17 वर्षों का टैक्स अब तक क्यों वसूला नहीं गया। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए सप्ताह के भीतर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह ग्रीन पार्क क्षेत्र निवासी महिला ने शिकायत देते हुए मंत्री अनिल विज को बताया कि उसके पड़ोस में खाली प्लाट में लगातार कचरा फेंका जाता है जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में नप अधिकारियों को प्लाट मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नसीब बाग में गली में बिजली पोल लगने पर एसई को कार्रवाई के निर्देश दिए*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को नसीब बाग से आए लोगों ने शिकायत देते हुए कहा कि बिजली विभाग द्वारा बिजली के खंभे गली में सीवर लाइन पर लगा दिए गए हैं जिससे गली का चार फुट रास्ता ब्लॉक हो गया है। उन्होंने बताया कि इन पोल पर ट्रांसफार्मर लगा है जिससे हादसा हो सकता है। बिजली विभाग को शिकायत देने पर भी कार्रवाई नहीं हुई। मंत्री अनिल विज ने विभाग के एसई व एक्सईएन को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न पेंशन संबंधी शिकायतें मंत्री अनिल विज के समक्ष आई जिस पर उन्होंने विभागीय स्टाफ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
*ऊर्जा मंत्री ने अन्य मामलों में सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए*
जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज को उकलाना निवासी व्यक्ति ने उसकी जमीन पर ट्रांसफार्मर नहीं लगने, महेशनगर क्षेत्र निवासी लोगों ने गलियों में बिजली की तारों को बदलने व ठीक करने, अम्बाला छावनी निवासी युवक ने पंजोखरा साहिब थाने में कुछ व्यक्तियों द्वारा उसे धमकाने व पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने, कुरुक्षेत्र निवासी व्यक्ति ने गलत तरीके से दूसरे प्लाटों पर बिजली के मीटर लगवाने, कैंट बस स्टैंड के निकट ढाबा संचालक द्वारा सरकारी शौचालय पर कब्जा करने, विवाहिता द्वारा महेशनगर पुलिस द्वारा मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं करने, करधान में कब्जे होने आदि की शिकायतें आई जिसपर मंत्री अनिल विज ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
*ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गऊशाला कमेटियों को लाखों रुपए अनुदान के चेक दिए*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न गऊशालाओं की कमेटियों को लाखों रुपए के चेक अनुदान स्वरूप दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 635 गऊशालाओं के संचालन के लिए 87 करोड 50 लाख रूपए की राशि अनुदान तौर पर दी गई है। इसी कड़ी में अम्बाला छावनी में रामबाग गऊशाला समिति को 27.13 लाख तथा गांव खतौली गऊशाला समिति को 4 लाख रूपए के चेक दिए गए।
*शहीद स्मारक को दुनियाभर से लोग देखने आएंगे जिसका शहर को लाभ मिलेगा - अनिल विज*
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि अम्बाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई का भव्य शहीदी स्मारक बनाया गया है जिसका गत 5 नवम्बर को देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा लोकापर्ण किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार एक माह के लिए निशुल्क टिकट बुक करने की घोषणा की गई थी जिसके चंद घंटों में ही पूरे माह की टिकट बुक हो चुकी हैं। जल्द ही इसके लिए सुशल्क टिकटों की व्यवस्था होगी, वह कितनी राशि की होगी इसकी जल्द घोषणा की जाएगी। सब वर्ग के लोगों के लिए टिकट की व्यवस्था होगी, स्कूली बच्चों के लिए भी विशेष टिकट की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा दुनियाभर से लोग स्मारक देखने आएंगे जिसका शहर को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, डीएसपी कुलदीप, नप उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, अजय बवेजा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें