अनंगपुर की चौपाल में गूंजा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ का नारा ; वोट चोरी, SIR और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर कांग्रेस का तीखा हमला



फरीदाबाद/चंडीगढ़।लोकतंत्र की रक्षा, जनता के मताधिकार की सुरक्षा और वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे *‘वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान’* के तहत हरियाणा में गांव-गांव *'चौपालों'* का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव श्री के.सी. वेणुगोपाल के दिशा-निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के प्रति जनता को जागरूक करना और हर नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाना है।
इसी कड़ी में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री संजय दत्त के मार्गदर्शन एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अनंगपुर गांव में चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी श्रीमती कृष्णा तीरथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

चौपाल में वोट चोरी, मतदाता सूचियों में अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और इस अधिकार की रक्षा करना हर लोकतांत्रिक संस्था की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम इसमें शामिल होना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को जवाब देना होगा। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता केवल उसके संवैधानिक पद से नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनता के विश्वास से तय होती है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

*श्री संजय दत्त ने कहा :*

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री संजय दत्त ने कहा कि श्री राहुल गांधी लगातार देश के सामने वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी से जुड़े गंभीर सवाल उठा रहे हैं। हरियाणा में भी पिछले विधानसभा चुनाव के जनादेश को लेकर कांग्रेस द्वारा गंभीर सवाल उठाए गए हैं। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और उस जनादेश की पवित्रता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का जनसंघर्ष है। हरियाणा के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक और गांव तक पहुंचकर जनता को जागरूक किया जाएगा। चौपालों के माध्यम से वोट चोरी, SIR और मतदाता सूची से जुड़े हर सवाल को जनता के बीच ले जाया जाएगा। हमारा संकल्प है कि हरियाणा के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए यह संघर्ष गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा।

उन्होंने भाजपा के तथाकथित *‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’* अभियान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का यह अभियान अपने आप में एक बड़ा राजनीतिक मजाक और सत्ता में बैठे लोगों की विफलता का खुला स्वीकार है। देश और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, लोकतंत्र की रक्षा करना और जनता को सुरक्षा एवं सुशासन देना सत्तारूढ़ सरकार की जिम्मेदारी है, न कि विपक्ष की। लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि जो खुद को देश का ‘चौकीदार’ बताते थे, वही सत्ता में बैठकर ‘चोर’ बन गए हैं। भाजपा का यह अभियान दरअसल अपनी हर मोर्चे पर हुई भारी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने की एक सुनियोजित राजनीतिक कवायद है। देश और प्रदेश की जनता बढ़ती बेरोजगारी, बेकाबू महंगाई, बदहाल कानून-व्यवस्था और शासन की विफलताओं से त्रस्त है, लेकिन इन बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी जवाबदेही से बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने का ढोंग करने वाली भाजपा को पहले अपने शासन में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

*श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा :*

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद जनता का वोट है। इसी वोट की ताकत से सरकारें बनती और बदलती हैं। यदि मतदाता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ होता है तो यह केवल किसी व्यक्ति के अधिकारों का हनन नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने में लगी है। भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र केवल नारों और राजनीतिक अभियानों से नहीं बचता, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही, निष्पक्ष संस्थाओं और नागरिकों के अधिकारों के सम्मान से मजबूत होता है। हरियाणा की जनता अब भाजपा के खोखले नारों और जुमलों से गुमराह होने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाकर इसे एक व्यापक जन आंदोलन बनाया जाएगा।

*श्रीमती कृष्णा तीरथ ने कहा :*

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी श्रीमती कृष्णा तीरथ ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक के इस अधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वोट चोरी लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट है। कांग्रेस पार्टी जनता के मताधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के खिलाफ आवाज उठाएं।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बलजीत कौशिक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्री विजय प्रताप, पूर्व प्रत्याशी श्री रोहित नागर, माइनॉरिटी सेल के चेयरमैन श्री अब्दुल गफार कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री राकेश छपराना सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ