चंडीगढ़, 5 जनवरी - प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन संभावित रूप से 20 फरवरी, 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य के दीव में किया जाएगा। निदेशक खेल विभाग हरियाणा के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 7 प्रतिस्पर्धात्मक खेलों एवं 2 डेमो खेलों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियो एवं टीमों का चयन प्रथम चरण के ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। चयनित एथलीटों के नाम 20 जनवरी, तक भारतीय खेल प्राधिकरण को भेजे जाएंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य की ओर से टीम स्पोट्र्स के अंतर्गत आरचरी खेल के लिए खिलाड़ियों का चयन आगामी 9 जनवरी को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम पलवल में ट्रायल के आधार पर किया जाएगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया की हरियाणा राज्य के ओपन वर्ग में आरचरी खेल में रुचि रखने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ी निर्धारित तिथि को प्रात: 9 बजे ट्रायल हेतु स्टेडियम में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी ट्रायल के लिए आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं, जिनमें सक्षम अधिकारी द्वारा जारी एस.टी. जाति प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जन्म तिथि से संबंधित दस्तावेज आदि शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी आगरा चौक पलवल के नजदीक स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में जिला खेल कार्यालय पलवल से संपर्क कर सकते हैं।
Comments
Post a Comment