चंडीगढ़ | पंजाब कला परिषद, चंडीगढ़ की कार्यकारिणी बैठक आज कला भवन, सेक्टर-16 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के चेयरमैन श्री स्वर्णजीत सवी ने की। इस अवसर पर परिषद ने महिंदर सिंह रंधावा स्मृति उत्सव के दौरान दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सम्मानों की घोषणा की।
परिषद द्वारा वर्ष 2026 का ‘पंजाब रत्न’ सम्मान प्रो. करमजीत सिंह (उप-कुलपति, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर) को प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। वहीं मातृभाषा सम्मान वरिष्ठ लेखिका बचिंत कौर को दिया जाएगा।
इसके अलावा पंजाब गौरव सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाएंगे। रंगमंच के क्षेत्र में नीना तिवाणा, सिनेमा के लिए गुरविंदर सिंह, कला के क्षेत्र में देवइंदर और साहित्य के लिए गुरभजन गिल को यह सम्मान दिया जाएगा।
महिंदर सिंह रंधावा स्मृति उत्सव 2 फरवरी से 7 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कवि दरबार, कला प्रस्तुतियां, फिल्मों का प्रदर्शन और नाट्य मंचन किए जाएंगे। सभी सम्मानित व्यक्तित्वों पर एक दिवसीय सेमिनार भी आयोजित होगा, जिसमें उनके जीवन और योगदान पर शोध पत्र पढ़े जाएंगे।
उत्सव का उद्घाटन समारोह 2 फरवरी को होगा। 3 फरवरी से 6 फरवरी तक विभिन्न अकादमियों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 7 फरवरी को समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर चेयरमैन स्वर्णजीत सवी ने सभी कला प्रेमियों से इस विशिष्ट सांस्कृतिक उत्सव में भाग लेने की अपील की।
Comments
Post a Comment