नाईपर मोहाली ने मनाया 28वां स्थापना दिवस


मोहाली, 16 फरवरी 2026: नाईपर, मोहाली  संसद के अधिनियम (नाईपर अधिनियम 1998) द्वारा स्थापित एक राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, औषध विभाग, भारत सरकार के अधीन कार्यरत है, ने आज 16.02.2026 (सोमवार) को अपना स्थापना दिवस समारोह मनाया।



संस्थान के निदेशक प्रो. दुलाल पांडा ने मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी, निदेशक, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान,  (IISER) मोहाली तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. चंद्रशेखर नायर, कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), मोलबायो डायग्नोस्टिक्स एवं बिगटेक लैब्स का स्वागत किया।


प्रो. पांडा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी, औषधियों एवं चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए अनुसंधान एवं उसके रूपांतरण (ट्रांसलेशन) में उत्कृष्टता प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आयात पर निर्भरता कम की जा सके। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप उन्होंने नाईपर, मोहाली में बायोफार्मास्यूटिकल्स एवं रेगुलेटरी साइंसेज में दो नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की घोषणा भी की। उन्होंने संस्थान का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान एवं अनुदानों, पेटेंट, प्लेसमेंट, समझौता ज्ञापनों (एमओयू) तथा विभिन्न गतिविधियों का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि नाईपर, एसएएस नगर उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान है, जो सदैव उद्योग-उन्मुख शिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष बल देता है।


मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी ने “ हार्नेस्सिंग द पोटेंशियल ऑफ़ मेडिसिनल प्लांट्स : ऑपरच्यूनिटीज़ एण्ड चैलेंजिज़” विषय पर स्थापना दिवस व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में स्ट्रोक, हृदयाघात, कैंसर, मोटापा, मधुमेह आदि अनेक रोगों के उपचार में औषधीय पौधों एवं हर्बल दवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा गुणवत्तापूर्ण हर्बल औषधियों के उत्पादन में मिलावट जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया।


विशिष्ट अतिथि डॉ. चंद्रशेखर नायर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को उपयोग में आने वाले उत्पादों का स्वदेश में निर्माण करना चाहिए तथा परिवर्तनकारी उत्पादों के विकास के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सशक्त उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए। 


रोश की मुख्य रणनीति अधिकारी सुश्री शीतल रंगनाथन ने “ट्रांसफॉर्मिंग लाइव्स, स्ट्रेंथनिंग इंडिया टुगेदर (रोश–नाईपर)” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया।

स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत सामान्य विज्ञान प्रश्नोत्तरी, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा “साइबर यौन उत्पीड़न – ऑनलाइन महिलाओं की सुरक्षा” विषय पर प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जीतने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।


स्मृति स्वरूप “श्रीमती कृष्णा गुलाटी पुरस्कार” (राशि रु. 10,000/-) मेडिकल डिवाइसेज विभाग के श्री सोमनाथ  कोठावड़े वैभव को प्रदान किया गया। “नेहा शोरे मेमोरियल एआईडीसीओसी-नाईपर  बेस्ट अचीवर अवार्ड” औषधि प्रौद्योगिकी (बायोटेक) विभाग की सुश्री परिनिष्ठा गुप्ता को प्रदान किया गया। “वैभव एनालिटिकल सर्विसेज अवार्ड” औषधीय प्रबंधन विभाग के श्री जतिन, श्री सैय्यद अमन अजीज एवं श्री जेन्नू कुमार जैन को प्रदान किया गया।


इस अवसर पर नाईपर ने रोश प्रोडक्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड तथा विनायक मिशन’स रिसर्च फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। नाईपर - मोहाली एवं रोश फार्मा इंडिया (जो कि रोश समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है) के मध्य पाठ्यक्रम निर्माण एवं विकास, छात्र परामर्श, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की नियुक्ति तथा उद्योग-उन्मुख अल्पकालिक पाठ्यक्रमों के संचालन के क्षेत्रों में सहयोग हेतु समझौता किया गया, जिससे नाईपर -मोहाली के विद्यार्थियों को उद्योग के लिए अधिक सक्षम एवं तैयार बनाया जा सके।


इस समारोह में लगभग 350 संकाय सदस्य, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थानों से आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नाईपर, मोहाली के डीन प्रो. कुलभूषण टिक्कू द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Comments