पार्टी ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों समेत अन्य नेताओं के साथ श्रृंखलाबद्ध बैठकें कीं

 वड़िंग ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से पंजाब के साथ हितों के टकराव पर सवाल किया


पंजाब के पानी के मुद्दे पर पंजाब भाजपा से स्थिति स्पष्ट करने को कहा


बोले: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अब बन गया है ‘युद्ध झाड़ू के विरुद्ध’



चंडीगढ़, 16 फरवरी: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब के साथ “हितों के टकराव” के मुद्दे पर सवाल किया है और भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई से पंजाब के पानियों के मसले पर अपना रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है।



आज यहां कांग्रेस भवन में पार्टी की ओर से जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, विधायकों/चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठकें करके भविष्य के कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किए गए।


इन बैठकों की अध्यक्षता पंजाब कांग्रेस के प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल ने की और जबकि कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


बैठकों से हटकर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में, वड़िंग ने कहा कि सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री होने के नाते पंजाब से पानी की मांग कर रहे हैं। यह दोहरी नीति है, क्योंकि वह एक साथ न तो पंजाब में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं और न ही पंजाब के पानी पर अनुचित दावा कर सकते हैं।


इस मौके आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा विभिन्न जातियों और धर्मों को साधने के लिए दो उप मुख्यमंत्रियों की नियुक्ति संबंधी खबरों पर टिप्पणी करते हुए, वड़िंग ने कहा कि पद योग्यता के आधार पर मिलने चाहिए, न कि केवल जाति या धर्म के आधार पर ऐसा होना चाहिए। 


उन्होंने कहा कि संविधान में उप मुख्यमंत्री का कोई पद नहीं है और वह सिर्फ किसी अन्य मंत्री की तरह ही होता है। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में कोई ताकत दिए बगैर आप की चुनावी वर्ष में अलग-अलग समुदायों और जातियों को खुश करने की कोशिश में सिर्फ एक नाटक बाजी है। 


उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि सभी जातियों और समुदायों को वास्तविक अधिकार मिलने चाहिएं, ना के सिर्फ दिखावा होना चाहिए, जो आप करने का प्रयास कर रही है।


जबकि नशों के खिलाफ सरकार की मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ पर टिप्पणी करते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह पूरी तरह विफल हो चुकी है और अब ‘युद्ध झाड़ू के विरुद्ध’ बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब से नशे खत्म हो गए होते, तो सरकार को विज्ञापनों पर पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती और लोग खुद ही कहते, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।


इसी तरह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल गांधी पर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर गलत जानकारी फैलाने के आरोपों पर, वड़िंग ने कहा कि शाह ने कब राहुल गांधी द्वारा कही गई सच्चाई को स्वीकार किया है? उन्होंने कहा कि पहले की तरह इस बार भी राहुल गांधी सही साबित होंगे, जब अमेरिका से होने वाले आयात से किसानों को भारी नुकसान होगा।


आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा पर उसके विधायकों को तोड़ने के आरोपों को लेकर, वड़िंग ने कहा कि यह दोनों दलों का आपसी मामला है, लेकिन आप पहले भी बिना किसी ठोस सबूत के ऐसे दावे करती रही है।

Comments