अमृतसर के हाईवे प्रोजेक्ट्स को लेकर डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, रखीं अहम मांगें

अमृतसर: अमृतसर की सड़कों और हाईवे परियोजनाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर अमृतसर ईस्ट से पूर्व विधायक और पंजाब की पूर्व चीफ पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमृतसर के प्रमुख हाईवे प्रोजेक्ट्स को लेकर लिखित रूप में अपनी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कि रंजीत एवेन्यू–लोहारका बाइपास का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने वल्लाह बाइपास, जो अमृतसर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में आता है, के निर्माण कार्य में हो रही देरी और घटिया गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। डॉ. सिद्धू के अनुसार इस महत्वपूर्ण परियोजना में अनिवार्य सर्विस लेन नहीं बनाई गई हैं, जिसके कारण रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई टाइलें जगह-जगह से धंस रही हैं और ग्रूव्स में पौधे उग आए हैं, जो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने इस मामले में युद्ध स्तर पर काम पूरा करने और लापरवाही की जांच कराने की मांग की।

इसके अलावा डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि अमृतसर एयरपोर्ट से शहर को जोड़ने वाला मुख्य हाईवे वीआईपी आवागमन के कारण अक्सर बंद कर दिया जाता है, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और कई यात्री अपनी फ्लाइट तक मिस कर देते हैं। वैकल्पिक मार्ग न होने से समस्या और गंभीर हो जाती है।

डॉ. सिद्धू ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होने के कारण अमृतसर की यह सड़क आधे पंजाब के लिए जीवनरेखा है। साथ ही उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए रोजाना लाखों श्रद्धालु अमृतसर आते हैं, ऐसे में सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है।

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर अमृतसर की जनता को राहत देने के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाएंगे।

Comments