हिमाचल में कल से फिर बिगड़ेगा मौसम, 3 दिन भारी बारिश के आसार

शिमला: हिमाचल प्रदेश में दो दिन की राहत के बाद सोमवार (6 जुलाई) से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 से 9 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 6 और 7 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने 6 जुलाई के लिए मंडी और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सोलन जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। 7 जुलाई को सिरमौर, कांगड़ा और चंबा में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कुल्लू, मंडी और शिमला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार 8 और 9 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि 10 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के कारण वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है।


IMD ने लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 5 से 10 जुलाई तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
मानसून ने 30 जून को प्रदेश में प्रवेश किया था और 1 जुलाई तक पूरे हिमाचल को कवर कर लिया। शुरुआती 48 घंटों में सामान्य से 211 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि 3 जुलाई से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गईं और पिछले दो दिनों में सामान्य से कम वर्षा हुई।
रविवार (5 जुलाई) को केवल कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य से 86 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। विभाग ने आगामी दिनों में खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

Comments