Hard Ball: लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर अमेरिका-कनाडा की बड़ी कार्रवाई, 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' में 24 गिरफ्तार, निज्जर हत्या की साजिश का भी आरोप

**वेब डेस्क | अख़बार वाला TV**

अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ संयुक्त अभियान **'ऑपरेशन हार्ड बॉल'** के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए **24 संदिग्धों को गिरफ्तार** किया है। अमेरिकी न्याय विभाग (U.S. Department of Justice) के अनुसार, इस अभियान में कुल **37 लोगों के खिलाफ तीन संघीय आरोप-पत्र (Federal Indictments)** दाखिल किए गए हैं। आरोपियों पर हत्या, जबरन वसूली, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
### हरदीप सिंह निज्जर हत्या की साजिश का आरोप

अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, आरोप-पत्र में गैंगस्टर **लॉरेंस बिश्नोई** और **गोल्डी बराड़** पर जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में हुई **खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर** की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि निज्जर की **18 जून 2023** को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

### तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट बने निशाने पर

फर्स्ट असिस्टेंट यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी **बिल एसेली** ने बताया कि ऑपरेशन हार्ड बॉल के दौरान तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट को निशाना बनाया गया। जांच एजेंसियों का आरोप है कि ये नेटवर्क हत्या, धमकी, रंगदारी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

### गैंग पर हाई-प्रोफाइल हमलों के जरिए डर फैलाने का आरोप

आरोप-पत्र के अनुसार, बिश्नोई गैंग पर धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाकर भय का माहौल बनाने और जबरन वसूली करने का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि कनाडा में कई गायकों और अभिनेताओं के घरों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं का इस्तेमाल भी दहशत फैलाने के लिए किया गया।

### जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांडा पर भी आरोप

अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने गैंगस्टर **जग्गू भगवानपुरिया** और **रविंदर सिंह धांडा** के खिलाफ भी अलग-अलग मामलों में आरोप लगाए हैं। आरोप है कि धांडा अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको तक फैले ड्रग नेटवर्क के जरिए कोकीन और मेथामफेटामाइन की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करता था।

वहीं, आरोप-पत्र में भगवानपुरिया गिरोह को भारत से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट बताया गया है, जिसके सदस्य अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित कई देशों में सक्रिय हैं।

### क्या है 'ऑपरेशन हार्ड बॉल'?

**ऑपरेशन हार्ड बॉल** अमेरिका की **एफबीआई (FBI)**, **लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग (LAPD)**, **रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP)** और यूरोप की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों का संयुक्त अभियान है। इस कार्रवाई के दौरान एजेंसियों ने करीब **1,000 किलोग्राम कोकीन और हेरोइन**, हजारों डॉलर नकद और कई दर्जन हथियार जब्त करने का दावा किया है।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के कमिश्नर **माइक डुहेम** ने कहा कि इस संयुक्त अभियान के जरिए ऐसे संगठित अपराध नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है, जो हत्या, हिंसा और डर के बल पर कनाडा और अमेरिका में लोगों से जबरन वसूली कर रहे थे।


Comments