चंडीगढ़/हिसार, 08 अगस्त। भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मजबूत मंडल और सक्रिय बूथ ही भाजपा संगठन की असली ताकत हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता से निरंतर संवाद के बल पर ही भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि मंडल से लेकर बूथ तक संगठन जितना सक्रिय और मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही मजबूती से जनता के बीच अपनी विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचा सकेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय हिसार में हिसार, सिरसा, डबवाली, फतेहाबाद, भिवानी, हांसी और चरखी दादरी जिलों के मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में सातों जिलों के मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों ने भाग लिया तथा संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से मंथन किया।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ का कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। इसलिए मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क, संवाद और समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को केवल औपचारिक आयोजन न मानकर जनता से जुड़ने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने के अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने सातों जिलों में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली और मंडल अध्यक्षों एवं प्रभारियों से सीधा संवाद करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के आगामी कार्यक्रमों को पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और टीम भावना के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
*तिरंगा यात्रा से लेकर बूथ बैठकों तक जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर*
डा. अर्चना गुप्ता ने आगामी तिरंगा यात्रा, मंडल एवं त्रिदेव बैठकों तथा बूथ स्तर की बैठकों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की पहुंच को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाला संगठन नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता वर्षभर जनता के बीच रहकर सेवा, संपर्क और संवाद के माध्यम से समाज से जुड़ा रहता है। यही कार्यसंस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है।
डा. अर्चना गुप्ता ने मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक नियमित बैठकें सुनिश्चित करें, कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद रखें तथा संगठन के कार्यक्रमों में नए लोगों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समन्वय और टीम भावना के साथ काम करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाना प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री वेद फूलां, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हिसार जिला प्रभारी जवाहर सैनी, हिसार जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मुकेश गौड़, सुनीता दांगी, रेणु डाबला, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना सहित सातों जिलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं अन्य संगठनात्मक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें