रक्षाबंधन पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने चलाया ‘सड़क सुरक्षा बंधन’ अभियान, हेलमेट बांटकर दिया सुरक्षित सफर का संदेश

चंडीगढ़, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने जनसेवा वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान ‘सड़क सुरक्षा बंधन’ आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ शहरवासियों को सड़क पर एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने का संदेश देना रहा।


कार्यक्रम प्रेस लाइट प्वाइंट, चंडीगढ़ पर आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की कलाई पर ‘सड़क सुरक्षा बंधन’ की विशेष राखी बांधी गई, जिसे प्रतिबद्धता, वचन और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया।

महिलाओं और बच्चों को बांटे हेलमेट

अभियान के तहत आम लोगों को हेलमेट वितरित किए गए। खासतौर पर महिलाओं और बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते या उस पर सवार होते समय सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों को ISI मार्क वाले प्रमाणित हेलमेट के इस्तेमाल की सलाह दी।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और चंडीगढ़ को प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ शहर बनाने का संदेश दिया गया।

ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील

चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क की प्रभारी एसआई रोशनी देवी और उनकी टीम ने लोगों को सड़क सुरक्षा एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार के बारे में जागरूक किया। लोगों को सीट बेल्ट और ISI प्रमाणित हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ट्रैफिक सिग्नल का सम्मान करने, लेन अनुशासन बनाए रखने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा वाहन चालकों से आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और दुर्घटना की स्थिति में ‘गुड सेमेरिटन’ की भूमिका निभाने की अपील की गई।

जीरो एक्सीडेंटल डेथ रेट का लक्ष्य

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे खुद जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनें और अपने परिवार, दोस्तों व परिचितों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित कर दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य करने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना है।

कार्यक्रम को जनसेवा वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन अमृत सिंगला, अध्यक्ष अश्वनी सिंगल, उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, महासचिव गुरदीप सिंह और आरव सिंह का सहयोग मिला।

अभियान का आयोजन डीजीपी यूटी चंडीगढ़ डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईपीएस के नेतृत्व, आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार, आईपीएस के मार्गदर्शन तथा एसएसपी (सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक) सुमेर प्रताप सिंह, आईपीएस की निगरानी में किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी/ट्रैफिक (आरएंडडी) एवं रोड सेफ्टी लक्षय पांडेय, DANIPS और डीएसपी/ट्रैफिक डॉ. प्रवेश शर्मा, CPS की भी भूमिका रही।

टिप्पणियाँ