संगरूर के धूरी में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। दोले वाले फाटक के पास एक चोर ने एक के बाद एक करीब चार दुकानों को निशाना बनाया। चोरी के दौरान चोर की ऐसी हरकत CCTV कैमरे में कैद हुई, जिसे देखकर दुकानदार भी हैरान हैं।
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर एक पेस्टीसाइड की दुकान में दाखिल होने के बाद पहले फ्रिज खोलता है और उसमें से दूध निकालता है। इसके बाद वह बर्तन साफ करता है और दुकान में रखे सामान से चाय बनाने की तैयारी शुरू कर देता है। चोर ने दुकान में पड़े चूल्हे पर चाय बनाई।
चाय बनाने से पहले चोर ने फ्रिज से पानी निकाला और आराम से बैठकर पानी पिया। इसके बाद उसने चाय बनाई, बैठकर चाय पी और फिर बर्तन भी साफ किए। चाय पीने के बाद वह दोबारा चोरी करने के काम में जुट गया।
बताया जा रहा है कि चोर ने दुकान के काउंटर की दराज तोड़कर नकदी निकाली और वहां रखा मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया। दुकानदारों के मुताबिक CCTV फुटेज में फिलहाल एक ही व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जो पूरी वारदात के दौरान बेखौफ नजर आया।
जानकारी के अनुसार, चोर ने सबसे पहले कृषि उपकरण बनाने वाली एक वर्कशॉप में खिड़की वाला AC निकालकर अंदर प्रवेश किया। वहां से सामान चोरी करने के बाद उसने आसपास की अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया।
दुकानदारों के मुताबिक, इस पूरी वारदात में करीब 26 से 27 हजार रुपये की नकदी, नई ड्रिल मशीनें और मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।
Comments
Post a Comment