ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी, 15 अक्टूबर तक बारिश के आसार सात शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 15.1 डिग्री लुढ़का

हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी, 15 अक्टूबर तक बारिश के आसार


सात शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 15.1 डिग्री लुढ़का


शिमला : हिमाचल प्रदेश में ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के शिंकुला दर्रा और रोहतांग में बर्फबारी हुई है। प्रदेश के सात शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं, शिंकुला दर्रा, रोहतांग और बारालाचा में न्यूनतम तापमान दो डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।


प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 15.1 डिग्री गिरकर 16.8 डिग्री रह गया है। वहीं, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है। हालांकि, सोमवार सुबह शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।


मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 17 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान चलने की चेतावनी दी गई है। खासकर 15 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश की अधिक संभावना है। इस दौरान ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।


मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 13 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला; 14 अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी; जबकि 15 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश होने की संभावना है।


बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने से प्रदेश के तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। रविवार को भी लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ों और सिरमौर के चूड़धार में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई थी। 

टिप्पणियाँ