1 नवंबर की महारैली और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने तेज की तैयारियां : संजय दत्त

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कुमारी सैलजा से मुलाकात कर लोकतंत्र बचाओ अभियान के अगले चरण की रणनीति पर हुई विस्तृत चर्चा


3 नवंबर से गांव-गांव चौपालों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा लोकतंत्र बचाने का संदेश



चंडीगढ़: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने आज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा से मुलाकात की। इस दौरान 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों तथा हरियाणा में अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में 1 नवंबर की महारैली में हरियाणा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रदेश में लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और जनता के बीच पार्टी के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कुमारी सैलजा से अभियान की रणनीति पर हुई चर्चा

कांग्रेस महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के साथ हुई मुलाकात के दौरान 1 नवंबर की दिल्ली महारैली को सफल बनाने तथा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को हरियाणा में व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, नागरिकों के मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।

 *रणदीप सिंह सुरजेवाला से टेलीफोन पर हुई चर्चा* 

राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्तता के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सके। इस संबंध में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उनसे टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों, हरियाणा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र बचाओ अभियान को प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

इसके अतिरिक्त, 3 नवंबर से गांव-गांव में चौपालों के माध्यम से शुरू होने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से सीधा संवाद करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया तथा मताधिकार की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाएंगे।

हरियाणा कांग्रेस का लक्ष्य इस अभियान को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप देना और संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक समन्वय, जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर संवाद को मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी। 1 नवंबर की दिल्ली महारैली और उसके बाद गांव-गांव में होने वाली चौपालों के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश प्रदेश के प्रत्येक कोने तक पहुंचाया जाएगा।

टिप्पणियाँ