राजपुरा के निकट स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रा की आत्महत्या और एक अन्य छात्रा के लापता होने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले को लेकर यूनिवर्सिटी कैंपस में प्रदर्शन और हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी छात्रों की झड़प की सूचना सामने आई। पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने की बात भी कही जा रही है।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी की ओर से 5 अक्टूबर तक छुट्टी घोषित की गई है।
इसी बीच चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट मधु चितकारा ने छात्रों को संबोधित करते हुए एक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि हाल की घटना से वह और पूरी फैकल्टी बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी पिछले 25 वर्षों से देश में शिक्षा, रिसर्च और एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में काम कर रही है और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र यूनिवर्सिटी से जुड़े हुए हैं।
मधु चितकारा ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा यूनिवर्सिटी की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सुरक्षा कर्मी लगातार छात्रों की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं को लेकर संयम बरतें और कहा कि कैंपस उनके सपनों, लक्ष्यों और भविष्य से जुड़ा उनका अपना विश्वविद्यालय है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें