चंडीगढ़, 29 सितंबर। सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आज 7वें रमा अत्रे मेमोरियल महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ होगा। टी-20 प्रारूप में आयोजित इस टूर्नामेंट में पंजाब सीनियर, पंजाब जूनियर, HPCA, UTCA और GOA की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्घाटन कार्यक्रम आज सुबह 9:30 बजे सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम, चंडीगढ़ में रखा गया है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राव नरबीर सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा महिला क्रिकेटरों को मंच उपलब्ध कराना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।
छह दिनों में होंगे लीग मुकाबले
टूर्नामेंट के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक कुल 10 लीग मुकाबले खेले जाएंगे। अधिकांश मुकाबले चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्टेडियम तथा DAV School, Sector 8 में आयोजित होंगे।
पहले दिन पंजाब सीनियर का मुकाबला UTCA से सुबह 9:30 बजे, जबकि HPCA और पंजाब जूनियर के बीच मैच दोपहर 1:30 बजे होगा। इसके बाद 30 सितंबर को HPCA-UTCA और पंजाब सीनियर-GOA के मुकाबले खेले जाएंगे।
4 अक्टूबर को फाइनल
लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 4 अक्टूबर को फाइनल में आमने-सामने होंगी। फाइनल मुकाबला महाजन क्रिकेट ग्राउंड, IT Park, चंडीगढ़ में दोपहर 1:30 बजे निर्धारित है।
टूर्नामेंट के आयोजन में कैप्टन सुशील कपूर आयोजन सचिव, चंदर शेखर चेयरमैन तथा विवेक अत्रे संयोजक की भूमिका में हैं। आयोजकों ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करने पर जोर दिया है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें