35% कट-ऑफ के खिलाफ अभ्यर्थियों का धरना दूसरे दिन भी जारी, JJP नेताओं ने दिया समर्थन

पंचकूला: 35 प्रतिशत कट-ऑफ के विरोध में अभ्यर्थियों द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को सोमवार को राजनीतिक समर्थन भी प्राप्त हुआ। जननायक जनता पार्टी (JJP) की महिला सेल की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. किरन पुनिया और पंचकूला जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग अपनी टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
धरनारत अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. किरन पुनिया ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा के भविष्य और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा।

वहीं पंचकूला जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले स्कूली शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया और अब उच्च शिक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया में 35 प्रतिशत का कट-ऑफ लगाकर प्रतिभाशाली युवाओं को बाहर किया जा रहा है।

नेताओं ने सरकार से मांग की कि 35 प्रतिशत कट-ऑफ को तुरंत वापस लिया जाए, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और सभी रिक्त पदों को भरने के लिए योग्य अभ्यर्थियों को न्यायोचित अवसर दिया जाए।

धरनारत HPSC Aspirants संघर्ष समिति ने अभ्यर्थियों ने नेताओं का समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा।


Comments