चंडीगढ़, 01 जनवरी 2026 : मनरेगा के तहत केंद्र द्वारा 23,446 करोड़ रुपये बकाया होने की झूठी बात कहकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार मनरेगा मामले में पंजाब की जनता को गुमराह कर रही है। राज्य महासचिव अनिल सरीन ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज पर स्थायी समिति (2024–2025) की रिपोर्ट के आंकड़ों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। क्योंकि जिस रिपोर्ट के पहले पन्ने को हरपाल चीमा दिखा रहे हैं, उसी रिपोर्ट के अगले पन्ने पर स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2024–25 में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी का किसी भी राज्य का कोई बकाया नहीं है।
उन्होंने आगे बताया कि मनरेगा के तहत हर वर्ष 1 अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही पहली किस्त जारी कर दी जाती है। इसके बाद राज्य द्वारा प्राप्त राशि के नियमों के अनुसार उपयोग का प्रमाण पत्र भेजने पर अगली किस्त तुरंत जारी कर दी जाती है। लेकिन यदि कोई राज्य नियमों के अनुसार उपयोग प्रमाण पत्र नहीं भेजता, तो केंद्र सरकार मनरेगा कानून के अनुसार अगली किस्त जारी नहीं कर सकती।
सरीन ने कहा कि राज्य की 13,304 पंचायतों में से 5,915 पंचायतों का अब तक ऑडिट ही नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मनरेगा योजना के तहत 10,653 धोखाधड़ी/फर्जीवाड़े के मामले सामने आए हैं, लेकिन इन पर पंजाब की आप सरकार कार्रवाई से बच रही है। यह किसे बचा रही है? फर्जी कार्डों के जरिए करोड़ों रुपये की दुरुपयोग हुआ है।
सरीन ने बताया कि मनरेगा में हो रहे घोटालों की जानकारी यूनियन नेताओं द्वारा पहले ही केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार के दावे केवल बयानों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह अलग है।
उन्होंने आटा-दाल योजना को लेकर भी आप सरकार को घेरते हुए कहा कि अपने आप को दलितों की हितैषी बताने वाली सरकार यह स्पष्ट करे कि आटा-दाल योजना किसने वापस ली और इसे क्यों बंद किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों से समझौता किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता।
सरीन ने दावा किया कि 100 दिनों का रोजगार देने के बजाय पंजाब सरकार ने राज्य में केवल 36 दिनों का ही रोजगार उपलब्ध कराया है। अंत में अनिल सरीन ने चुनौती देते हुए कहा कि अब भाजपा हर मंच पर आप सरकार के झूठों का पर्दाफाश करेगी और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को पंजाब की जनता के सामने सही आंकड़े रखने पड़ेंगे।
Comments
Post a Comment