चंडीगढ़ मेयर चुनाव की तारीख घोषित, 29 जनवरी को होगा नया मेयर का चुनाव

चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर चुनाव की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। आगामी 29 जनवरी को चंडीगढ़ को नया मेयर मिलेगा। इसी दिन मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने नगर निगम कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

इस बार मेयर चुनाव में एक अहम बदलाव देखने को मिलेगा। पहली बार ‘शो ऑफ हैंड्स’ प्रणाली से मतदान कराया जाएगा। इसके तहत पार्षद हाथ उठाकर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए अपना मत व्यक्त करेंगे।

प्रशासन का कहना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हो सके और किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

Comments