नायब सैनी सरकार हर नागरिक के संकल्प और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है : डा. सतीश पूनिया

चंडीगढ़। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि शहर का निरंतर एव तेजी से विकास के लिए ट्रिपल इंजन सरकार बननी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश का विकास भाजपा सरकार में ही संभव है। डा. पूनिया ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों से पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनसुविधा से लेकर जनकल्याण की अनेकों योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार हर नागरिक के संकल्प और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है



डा. पूनिया ने शुक्रवार को अंबाला स्थित भाजपा कार्यालय अंब कमल में कार्यकर्ताओं की बैठक ली और मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी और सभी वार्ड प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जीताने की अपील की। डा. पूनिया ने प्रबुद्धजनों के साथ भी बैठक की और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में लोगों से मतदान कराने का आग्रह किया। उन्होंने वार्ड-13 में एक सभा को भी संबोधित किया और हर वार्ड में कमल खिलाने का लोगों से आग्रह किया।
बैठक के दौरान डा. पूनिया ने बूथों को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी चुनाव को छोटा मानकर नहीं चलती। भाजपा के लिए हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव व मेहनत से लगातार भाजपा चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति बढ़ रहा है। यही कारण है कि लोगों ने हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा को सेवा का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे जोश के साथ मैदान में उतरें और लोगों को भाजपा के प्रति मतदान करने के लिए प्रेरित करें। 
उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा की नीतियों और कार्यों पर है, इसलिए लोगों को भाजपा के प्रति प्रेरित करना जरूरी है। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ पार्टी को विजय दिलाने का भरोसा दिलाया।
प्रबुद्धजनों के साथ बैठक में डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग को समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और भाजपा की नीतियों को सही रूप में प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
वार्ड 13 में आयोजित सभा में डा. सतीश पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अच्छा कार्य कर रही है। गरीब कल्याण की योजनाओं का समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है। हरियाणा का किसान, व्यापारी, कर्मचारी सहित हर वर्ग भाजपा की नीतियों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है उसका एक-एक वादा भाजपा संकल्पित होकर पूरा करेगी। उन्होंने लोगों से मेयर अक्षिता सैनी और वार्ड प्रत्याशी को विजयी बनाने का आग्रह किया।  इस दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, जिला प्रभारी धर्मवीर मिर्जापुर, जिला अध्यक्ष मनदीप राणा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments