चरखी दादरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम होगा राव तुलाराम के नाम पर, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 104 करोड़ रुपये के कार्य शुरू

चंडीगढ़। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि चरखी दादरी में स्थापित किए जा रहे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के लगातार प्रयासों से यह मांग पूरी हो सकी है।
आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगभग 104.16 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने 15वें वित्त आयोग के तहत राज्यभर में 766 स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्माण को मंजूरी दी है।

इन परियोजनाओं में 597 डिस्ट्रिक्ट हेल्थ सेंटर (DHC), 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और 111 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ सेंटर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल, सोनीपत में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए 6.45 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हृदय रोगियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य की 600 स्वास्थ्य संस्थाओं में टेली-ईसीजी (Tele-ECG) सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह आसानी से मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Comments