वड़िंग ने पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं के ढह चुके ढांचे का किया पर्दाफाश; बलाचौर के पास सुनसान पड़े कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की दिखाई हकीकत

चंडीगढ़, 6 जून: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज बलाचौर के पास स्थित एक सुनसान पड़े अस्पताल का लाइव वीडियो दिखाते हुए, कहा कि वहां न कोई डॉक्टर था, न सहायक स्टाफ और न ही कोई मरीज था। उन्होंने कहा कि विज्ञापनों के जरिए किए जाने वाले दावों के विपरीत पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं की यही वास्तविक स्थिति है।



इस दौरान वड़िंग स्थानीय कांग्रेसी नेता अजय मंगूपुर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर गए और विभिन्न विभागों का दौरा किया। वहां सभी विभाग सुनसान पड़े थे। मौजूद लोगों ने बताया कि यहां न कोई डॉक्टर है, न महिला डॉक्टर और न ही कोई जांच सुविधा उपलब्ध है।


बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए, वड़िंग ने कहा कि एक विशाल और खुली इमारत को बेकार बनाकर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का जीवंत उदाहरण है कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था को किस तरह बर्बाद कर दिया है और इसके बावजूद वह अपने कथित “हेल्थ मॉडल” के दावे कर रही है।


स्थानीय निवासियों का हवाला देते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आप सरकार के सत्ता में आने से पहले इस सीएचसी में नियमित रूप से डॉक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात रहते थे। लेकिन आप सरकार के आने के बाद ये सभी सुविधाएं समाप्त हो गई हैं।


वड़िंग ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लाइव होते हुए, कहा कि यह आप सरकार के झूठे दावों की असलियत है और उसने पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति दिखाना चाहते थे।


वड़िंग ने यह भी घोषणा की कि वह आने वाले दिनों में अन्य स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थानों का भी दौरा करेंगे, जो आप सरकार के शासनकाल में बदहाल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम इनका असली चेहरा लोगों के सामने उजागर करेंगे।

Comments