फायरिंग का बड़ा खुलासा : नागौर हत्याकांड की रंजिश में चली गोलियां, 1 की मौत

हिसार के क्रिकेट स्टेडियम के बाहर देर रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। फायरिंग में दो लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक और घायल दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं फायरिंग की वजह राजस्थान के नागौर में हुए संदीप सेठी हत्याकांड की रंजिश बताई जा रही है।

मामले में घायल धर्मवीर के बयान पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों समेत 2 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ टीम और एसटीएफ को लगाया है।
हिसार के कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर देर रात बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में हरिता गांव निवासी नरेश नागल उर्फ सुटला की मौत हो गई, जबकि बयानाखेड़ा
निवासी धर्मवीर घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, नरेश को फिलहाल तीन गोलियां लगी होने की बात सामने आई है, जबकि घायल धर्मवीर को दो गोलियां लगी हैं, जो आर-पार हो चुकी हैं। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। घायल धर्मवीर के बयान के आधार पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों और 2 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल दोनों के खिलाफ पहले से करीब 7-8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्मवीर राजस्थान के नागौर में हुए संदीप सेठी हत्याकांड में मुख्य गवाह था। इसी रंजिश के चलते उस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। वारदात को अंजाम देने वाले तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान अनिल छोटिया निवासी मंगाली सुरतिया के रूप में की है, जबकि दो अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें और एसटीएफ लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

टिप्पणियाँ