सीआईए कलायत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 आरोपी काबू

 कैथल। पुलिस अधीक्षक कैथल मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए कलायत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बाता में बिना लाइसेंस व परमिट के विस्फोटक पदार्थ से पटाखे तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को काबू करते हुए कुल 134 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल एवं पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई है।

सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए कलायत की टीम में शामिल पीएसआई मंजीत कुमार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव बाता निवासी कुछ व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस अथवा परमिट के तैयार किए गए पटाखों को छोटा हाथी गाड़ी नंबर HR64B6845 में लोड कर बिक्री के लिए बाहर ले जाने की फिराक में हैं।

सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने गांव बाता में फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरब्रिज से तितरम की ओर जाने वाले रास्ते पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाता के गेट के सामने नाकाबंदी की। कुछ समय बाद गांव बाता की तरफ से आई उक्त छोटा हाथी गाड़ी को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई। गाड़ी में ड्राइवर सीट पर बैठे गांव बाता निवासी अंकित तथा कंडक्टर सीट पर बैठे गांव बाता निवासी सोमपाल को काबू किया गया।

तलाशी के दौरान गाड़ी से 84 पेटियां अवैध पटाखे बरामद हुईं। आरोपियों से पटाखों के संबंध में वैध लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया, लेकिन वे पुलिस के समक्ष कोई लाइसेंस अथवा परमिट पेश नहीं कर सके।

पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पटाखों की जांच की, जिसमें पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गांव बाता में अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री स्थापित कर रखी है, जहां वे पटाखे तैयार करते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गांव बाता स्थित उक्त स्थान पर दबिश दी।

दबिश के दौरान वहां खड़ी एक अन्य गाड़ी से 50 पेटियां अवैध पटाखे बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त अवैध पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल तथा पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई।

इस प्रकार पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 134 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। मामले में थाना कलायत में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा आरोपियों से पूछताछ कर अवैध पटाखा निर्माण एवं सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कैथल पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध रूप से पटाखे बनाने, भंडारण करने अथवा बेचने संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


टिप्पणियाँ