आप चोरी की जीत पर खुशियां मना रही है: वड़िंग

चंडीगढ़, 18 दिसंबर: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी चोरी की जीत पर खुशियां मना रही है, क्योंकि उसने राज्य में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लूटा है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ की नेतृत्व भी जानती और समझती है कि यह एक चोरी की हुई जीत है।



वड़िंग ने नतीजों और ‘आप’ की जीत संबंधी दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि ‘आप’ नेताओं समेत हर कोई जानता है कि ये चुनाव कैसे लड़े गए और पिछले उप चुनावों की तरह इन चुनावों में भी प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग कैसे किया गया। उन्होंने खुलासा किया कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा अपने जूनियर स्टाफ को विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने के निर्देश देने के आरोपों की भी जांच चल रही है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘आप’ सरकार की धक्केशाही और सत्ता के दुरुपयोग के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार काफी अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि जब हमारे खिलाफ हालात इतने प्रतिकूल थे, तब भी कांग्रेस प्रभावी मुकाबला दे सकी, तो कल्पना कीजिए कि 2027 में बराबरी का मैदान मिलने पर हम क्या हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस निश्चित रूप से वापसी करेगी।


वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि ये चुनाव सत्ताधारी ‘आप’ के अंत की शुरुआत थे और इसकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। यहां तक कि ‘आप’ के नेता भी इन चुनावों की सच्चाई जानते हैं, हालांकि वे इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं कर सकते।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद किया, जो ‘आप’ के तानाशाही तौर-तरीकों और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ खड़े हुए। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को समय के साथ उचित सम्मान दिया जाएगा। वड़िंग ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत और कुर्बानी की अनदेखी नहीं की जाएगी।

Comments