अंबाला को मिली 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, असीम गोयल ने किया शिलान्यास; दीपेंद्र हुड्डा पर भी साधा निशाना
अंबाला को मिली 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, असीम गोयल ने किया शिलान्यास; दीपेंद्र हुड्डा पर भी साधा निशाना
अंबाला: अंबाला शहर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। पूर्व मंत्री एवं अंबाला शहर के पूर्व विधायक असीम गोयल के प्रयासों से शहर को विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।
सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या का होगा समाधान
इन विकास कार्यों के तहत सम्राट पृथ्वीराज चौहान चौक से बलदेव नगर थाना तक नई सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
वहीं, अंबाला शहर में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना पर काम शुरू किया गया है। इसके पूरा होने से बारिश के मौसम में जलभराव से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर असीम गोयल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, सीवरेज, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
दीपेंद्र हुड्डा पर असीम गोयल का पलटवार
विकास कार्यों के दौरान असीम गोयल ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयानों पर भी पलटवार किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रोहतक दौरे को लेकर दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए असीम गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्डा पहले अपनी चिंता करें और बताएं कि डी-पार्क की भीड़ को रामलीला मैदान तक क्यों नहीं ले जा सके।
असीम गोयल ने दावा किया कि कांग्रेस की रैली में भीड़ तो दूर, उनके अपने नेता भी शामिल होने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने पार्टी द्वारा कुछ नेताओं को निलंबित किए जाने का भी जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस के नेता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तस्वीरें तैयार कर रैलियों में भीड़ दिखाने का प्रयास कर रहे हैं।
एक तरफ अंबाला में विकास परियोजनाओं को लेकर भाजपा ने अपनी उपलब्धियां गिनाईं, वहीं दूसरी तरफ असीम गोयल के बयान से हरियाणा की सियासत में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी तेज होती नजर आई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें