सिरसा में मिठाई की दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग और CM फ्लाइंग की छापेमारी, देर रात रानिया रोड पर पहुंची टीम

सिरसा: त्योहारी सीजन और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए सिरसा में स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इसी कड़ी में देर रात टीम ने रानिया रोड स्थित एक मिठाई की दुकान पर अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के भरे सैंपल

छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुकान में रखी मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की। इसके साथ ही अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का पता लगाया जा सके।

इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाना है।

मिलावट की शिकायत मिलने पर विभाग को दें सूचना

फूड एंड ड्रग्स इंस्पेक्टर सुनील बिश्नोई ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी को खाद्य पदार्थों में मिलावट या घटिया गुणवत्ता की शिकायत मिलती है तो वह स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दे सकता है।

उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर विभाग की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुनील बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग की ओर से आगे भी इस तरह की जांच और छापेमारी जारी रहेगी।

टिप्पणियाँ