हरियाणा की बराड़ा सब्जी मंडी में दिनदहाड़े चोरी, स्कूटी सवार दो युवक 55 किलो प्याज की बोरी लेकर फरार; CCTV में कैद हुई वारदात

बराड़ा (हरियाणा): बराड़ा की सब्जी मंडी में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां दिनदहाड़े एक दुकान के बाहर रखी प्याज की 55 किलो की बोरी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। चोरी हुए प्याज की कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 1 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे दुकान नंबर 218 पर हुई। दुकान मालिक संदीप के मुताबिक, स्कूटी पर सवार होकर आए दो युवक उनकी दुकान के बाहर रखी प्याज की बोरी उठाकर फरार हो गए।

करीब 39 सेकेंड की CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि दोनों युवक स्कूटी पर दुकान के पास पहुंचते हैं। इनमें से एक युवक दुकान के बाहर रखी खाली ट्रे हटाता है, जबकि दूसरा आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है। इसके बाद एक युवक ठेले को हटाकर अपना चेहरा सफेद परने से ढक लेता है।

फिर दोनों मिलकर प्याज की बोरी उठाते हैं और स्कूटी के अगले हिस्से में रख देते हैं। बोरी का वजन ज्यादा होने के कारण स्कूटी का संतुलन भी बिगड़ता दिखाई देता है। किसी तरह बोरी को व्यवस्थित करने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं।

पड़ोस की दुकान से भी चोरी हुई प्याज की बोरी

दुकानदार संदीप का दावा है कि इससे एक दिन पहले पड़ोस की दुकान से भी प्याज की एक बोरी चोरी हुई थी। हालांकि, दोनों घटनाओं में एक ही आरोपियों के शामिल होने की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद सब्जी मंडी के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद आरोपियों की पहचान और मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

टिप्पणियाँ