परविंदर झोटा के पिता ने राहुल गांधी से मिलने से किया इनकार, बेअंत सिंह परिवार को भी धरने से दूर रहने की अपील
भीम सिंह ने हाथ जोड़कर अपील की कि राहुल गांधी या नेहरू-गांधी परिवार का कोई भी सदस्य उनके परिवार अथवा धरना स्थल पर न आए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन वह इंदिरा गांधी के परिवार से किसी भी व्यक्ति से मुलाकात नहीं करना चाहते।
इतना ही नहीं, उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के परिवार से भी किसी को धरना स्थल पर नहीं आने की अपील की। इस अपील में बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू का नाम भी शामिल है।
धार्मिक आस्था बताई फैसले की वजह
भीम सिंह ने अपने फैसले के पीछे अपनी सिख धार्मिक आस्था और पंथ के प्रति सम्मान को वजह बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि इन परिवारों के सदस्यों से मुलाकात करने पर उन्हें पंथ से निष्कासित किया जा सकता है या तनखैया घोषित किया जा सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध सभी राजनीतिक नेताओं से नहीं है, बल्कि उनकी आपत्ति केवल नेहरू-गांधी और बेअंत सिंह परिवार को लेकर है।
फिलहाल परविंदर झोटा इंसाफ मोर्चा में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें