राकेश शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ ने बनाया बिलासपुर एवं ऊना का प्रभारी

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं प्रदेश संयोजक चमन कपूर के मार्गदर्शन में सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

शिमला: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने तथा पर्यटन प्रकोष्ठ के विस्तार को मजबूत बनाने की दिशा में प्रदेश सह संयोजक राकेश शर्मा को जिला बिलासपुर एवं ऊना का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चमन कपूर के मार्गदर्शन में सौंपी गई है।
राकेश शर्मा की इस नियुक्ति से बिलासपुर एवं ऊना जिलों में भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व एवं समन्वय में दोनों जिलों में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पर्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर राकेश शर्मा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चमन कपूर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से देश के प्रमुख राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। बिलासपुर एवं ऊना जिले भी धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं। इन जिलों के अनछुए पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।

राकेश शर्मा ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन के माध्यम से पर्यटन से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और प्रदेश में पर्यटन विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाई जाए।

उन्होंने पुनः प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे तथा बिलासपुर एवं ऊना दोनों जिलों में पर्यटन प्रकोष्ठ को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

टिप्पणियाँ