शिमला : ओल्ड बस स्टैंड के समीप गुरुद्वारा साहिब के पास स्थित एक बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होटल के एक कमरे में ब्यूटेन गैस सिलेंडर की लिकेज से जोरदार धमाका हो गया। धमाके से कमरे की सीलिंग और खिड़कियों के शीशे टूट गए। टूटे कांच के टुकड़े लगने से एक युवक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और होटल के कमरे व आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह धमाका किसी विस्फोटक सामग्री से नहीं, बल्कि ब्यूटेन गैस के कैंपिंग सिलेंडर में हुई लिकेज के कारण हुआ। पुलिस के अनुसार सिलेंडर से गैस का रिसाव होने से कमरा गैस से भर गया और चिंगारी लगने पर जोरदार धमाका हो गया।
धमाके की आवाज सुनते ही होटल में ठहरे अन्य लोग घबरा गए और बाहर की ओर भाग निकले। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने होटल को तुरंत खाली करवा दिया। होटल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी आपराधिक साजिश या गंभीर लापरवाही का पहलू सामने नहीं आया है और इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है। हालांकि सुरक्षा नियमों और गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.jpeg)
Comments
Post a Comment