हिमाचल में बदला मौसम, शिमला-कांगड़ा और सोलन में बारिश; 6 जिलों में तूफान का अलर्ट

अगले पांच दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गिरेगा पारा; तापमान में 3 डिग्री तक कमी की संभावना

शिमला। हिमाचल प्रदेश में करीब दो सप्ताह बाद मौसम ने करवट बदली है। राजधानी शिमला सहित कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिले के कई क्षेत्रों में सुबह से हल्की बारिश का दौर जारी रहा। शिमला में कुछ समय के लिए तेज तूफान भी चला। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने और बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।


अगले पांच दिन बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले पांच दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, चंबा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड में और इजाफा हो सकता है। विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट आने से सर्दी का असर बढ़ेगा।


छह जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट


मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के छह जिलों में आंधी-तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।


29 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।


अगले चार दिन में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान


प्रदेश में मौसम बदलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। इससे ऊंचे पहाड़ों पर ठंड का असर और तेज हो सकता है।


29 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद एक और दो नवंबर को मुख्य रूप से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तीन नवंबर से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम साफ होने के आसार हैं।


बुधवार तक सामान्य से अधिक था तापमान


मौसम में बदलाव से पहले बुधवार तक प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा था। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और यहां पारा 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


वहीं, राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अब बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी के चलते प्रदेश में तापमान गिरने तथा ठंड बढ़ने के आसार हैं।

टिप्पणियाँ