राकेश शर्मा बने भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक

बड़सर( हमीरपुर ): बड़सर विधानसभा क्षेत्र की दांदडू पंचायत से संबंध रखने वाले समाजसेवी एवं संगठनात्मक कार्यकर्ता राकेश कुमार शर्मा को भारतीय जनता पार्टी के पर्यटन प्रकोष्ठ में प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी इस नियुक्ति से दांदडू पंचायत सहित पूरे बड़सर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे स्थानीय कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के रूप में देखा है।
राकेश कुमार शर्मा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। पार्टी एवं समाज के प्रति उनके समर्पण, सक्रियता और कार्य करने की भावना को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे पर्यटन प्रकोष्ठ के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को आगे बढ़ाने तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विषयों को संगठन के मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राकेश कुमार शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री  प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद  अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल तथा पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक चमन कपूर का धन्यवाद किया।

 शर्मा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर विश्वास जताते हुए उसे प्रदेश स्तर पर कार्य करने का अवसर और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की है। यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यटन प्रकोष्ठ की नई जिम्मेदारी के अंतर्गत वह प्रदेश के पर्यटन विकास, स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार, होमस्टे एवं ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन देने, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर संगठनात्मक स्तर पर कार्य करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन केवल आर्थिक गतिविधि ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय लोगों की आजीविका से भी जुड़ा हुआ है। पर्यटन के विकास से होटल व्यवसाय, परिवहन, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, होमस्टे और स्वरोजगार के अनेक अवसर सृजित हो सकते हैं। इस दिशा में संबंधित लोगों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को समझते हुए कार्य करना महत्वपूर्ण होगा।
 शर्मा ने दांदडू पंचायत और बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लोगों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के लोगों का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। वह भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहकर क्षेत्र और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का प्रयास करते रहेंगे।

टिप्पणियाँ