“जनता को बहाने नहीं, समाधान चाहिए; विकास फाइलों में नहीं, ज़मीन पर दिखना चाहिए” — महापौर सौरभ जोशी

 महापौर सौरभ जोशी का औचक निरीक्षण, सेक्टर-16 और 24 में नागरिक सुविधाओं की खामियों पर सख्त तेवर!

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर 2026। जनसमस्याओं पर सख्त रुख अपनाते हुए चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी ने आज सेक्टर-16 एवं सेक्टर-24 का औचक निरीक्षण कर नगर निगम की कार्यप्रणाली और नागरिक सुविधाओं की ज़मीनी हकीकत का जायज़ा लिया।






निरीक्षण के दौरान जनस्वास्थ्य (Public Health), बागवानी (Horticulture), भवन एवं सड़क (B&R), विद्युत विभाग तथा चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (MOH) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।


महापौर जोशी ने मौके पर कई गंभीर नागरिक समस्याओं एवं व्यवस्थागत खामियों को चिन्हित करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। स्थानीय निवासियों की शिकायतों और मांगों का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


महापौर जोशी ने दो टूक कहा, “जनता की शिकायतें फाइलों में दबने के लिए नहीं हैं। अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और विकास कार्यों का असर हर गली, हर पार्क और हर मोहल्ले में दिखाई देना चाहिए। जनता को आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए।”


खुद पार्क संवार रहे नागरिकों को महापौर का सलाम!


निरीक्षण के दौरान एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया। महापौर जोशी ने उन जागरूक नागरिकों की खुले दिल से सराहना की, जो अपने संसाधनों और व्यक्तिगत प्रयासों से सार्वजनिक पार्कों की देखभाल एवं रखरखाव कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक चंडीगढ़ की असली ताकत और जिम्मेदार नागरिकता की मिसाल हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से साकार होने वाला सामूहिक संकल्प है।


महापौर ने स्पष्ट किया कि औचक निरीक्षण, अधिकारियों की जवाबदेही और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहेगा।

टिप्पणियाँ