10 दिन तक बेहोश रहने के बाद मोहाली की छात्रा एंबुलेंस से पहुंची फिजिक्स की परीक्षा देने

**चंडीगढ़:** मनीमाजरा स्थित एक परीक्षा केंद्र के बाहर शुक्रवार को एंबुलेंस का पहुंचना सभी के लिए हैरानी का कारण बन गया। एंबुलेंस में 17 वर्षीय छात्रा कनिष्का बिष्ट सवार थीं, जो पिछले 13 दिनों से आईसीयू में भर्ती थीं। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद वह कक्षा 12वीं की फिजिक्स की परीक्षा देने पहुंचीं।
कनिष्का, को व्हीलचेयर पर परीक्षा कक्ष तक ले जाया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परीक्षा कक्ष में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की गई थी। उनके पिता प्रेम सिंह ने बताया कि उनकी बेटी सेक्टर-26 स्थित खालसा स्कूल की नॉन-मेडिकल छात्रा है।

उन्होंने बताया कि 30 जनवरी से कनिष्का की तबीयत खराब थी। शुरुआत में उन्हें सर्दी-जुकाम हुआ, जो बाद में गंभीर निमोनिया में बदल गया। पहले उन्हें पंचकूला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर किया गया।

प्रेम सिंह के अनुसार, 13 दिनों तक आईसीयू में रहने के दौरान कनिष्का 10 दिनों तक बेहोश रहीं। कमजोर स्वास्थ्य के बावजूद वह परीक्षा देने के लिए दृढ़ संकल्पित थीं। उन्होंने कहा, “वह बहुत बहादुर लड़की है।”

अस्पताल प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्र पर ऑक्सीजन सपोर्ट सहित सभी जरूरी मेडिकल इंतजाम किए गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद कनिष्का को वापस अस्पताल ले जाया गया। कनिष्का का परिवार मोहाली के जीरकपुर का निवासी है।

Comments