पालमपुर : करोड़ी का कठिन मोड़ पार कर धार पहुंची एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस, लोगों ने मंत्री मुकेश अग्निहोत्री व कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा का जताया आभार
पालमपुर : जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की चंगर- धार में विकास की नई रफ्तार देखने को मिली जब हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) की इलेक्ट्रिक बस कठिन करोड़ी मोड़ पार कर धार पहुंची। इस उपलब्धि से खजुरनू और तीनबड़ पंचायतों के लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से वे बेहतर परिवहन सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे थे। करोड़ी का तीखा और चुनौतीपूर्ण मोड़ पार कर बस का धार तक पहुंचना न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह इस क्षेत्र में विकास की बदलती दिशा का संकेत भी है।
स्थानीय कांग्रेस नेता दीपक कुमार सहित लोगों ने प्रदेश के परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दूरदराज़ इलाकों तक आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा पहुंचाना सराहनीय कदम है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धार क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
Comments
Post a Comment