चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने राज्य में नशे की समस्या और ‘चिट्टा’ को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वायरल वीडियो में संधवां कहते नजर आ रहे हैं कि “चिट्टे वाली गारंटी हमारे से पूरी नहीं हुई, चिट्टा खत्म नहीं हुआ।” उन्होंने माना कि सरकार के प्रयासों के बावजूद राज्य में चिट्टे की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी है।
‘कोई जनप्रतिनिधि नशा तस्करों की मदद नहीं करता’
संधवां ने कहा कि न तो कोई एमसी, विधायक, मंत्री, स्पीकर या मुख्यमंत्री चिट्टा बेचने वालों की मदद करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस जब किसी चिट्टा बेचने वाले को पकड़ती है तो कई बार सबसे पहले उसकी मां ही उसे छुड़ाने के लिए पीछे आती है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि मां पुलिस से अपने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती है और कहती है कि उसका बेटा अकेले ही नशा करता है।
जमानत कराने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
स्पीकर संधवां ने चिट्टे से जुड़े आरोपियों की जमानत कराने वालों को लेकर भी सख्त टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो लोग चिट्टा बेचने वालों की जमानत कराने से पीछे नहीं हटते, उनकी तस्वीरें चौराहों पर लगवा दी जाएंगी।
संधवां का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई और चिट्टे की समस्या को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
Comments
Post a Comment