वोटिंग से एक दिन पहले एबीवीपी-सोई में गठजोड़, पीयू की चुनावी सियासत में नया मोड़

चंडीगढ़ पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट काउंसिल (PUCSC) चुनाव में मतदान से एक दिन पहले छात्र राजनीति में बड़ा फेरबदल सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और शिरोमणि अकाली दल के छात्र संगठन स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन आफ इंडिया (सोई) ने चुनाव में गठजोड़ का एलान किया है। दोनों संगठनों के बीच हुए इस समझौते से चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है।


सोई इस बार अध्यक्ष पद की दौड़ में सीधे तौर पर नहीं है। संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के लिए उतारे गए प्रत्याशी प्रणव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान पात्रता को लेकर विवाद हुआ था। बाद में नामांकन रद होने के बाद सोई ने इसका विरोध किया था। संगठन की ओर से डीएसडब्ल्यू कार्यालय और गेट नंबर-दो पर भी प्रदर्शन किया गया था।

अब एबीवीपी के साथ गठजोड़ के बाद सोई अपने समर्थकों और वोट बैंक को एबीवीपी के पक्ष में लामबंद करने की कोशिश करेगा। चुनाव से ठीक पहले हुए इस गठजोड़ को एबीवीपी के लिए अहम माना जा रहा है। वहीं, अन्य छात्र संगठनों के सामने भी अब वोटों के समीकरण को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है।

Comments