हिसार में 11 सफाई कर्मचारियों ने कराया मुंडन, 30वें दिन भी हड़ताल जारी

हिसार। अपनी मांगों को लेकर पिछले करीब 30 दिनों से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। हिसार नगर निगम के धरना स्थल पर 11 सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मुंडन करवाकर सरकार के खिलाफ रोष जताया।

सफाई कर्मचारी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक उनका धरना और हड़ताल जारी रहेगी। मुंडन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
वहीं, सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों को 5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर कानूनी और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके बाद सफाई कर्मचारियों में रोष और बढ़ गया है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों में सरकार के प्रति गहरा रोष है। इसी के चलते आज मुंडन डे मनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों को जायज बताने के बावजूद उन्हें पूरा करने के लिए पत्र जारी नहीं कर रही है।
सुरेंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं और सरकार चाहे जो कार्रवाई करे, वे अपनी मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि आज हड़ताल का 30वां दिन है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के अल्टीमेटम के बावजूद कर्मचारी आंदोलन जारी रखेंगे और मांगें पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

Comments