जालंधर : फिल्लौर से गोराया इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे जा फंसी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें किसी राहगीर ने दुर्घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही SSF की टीम मौके पर पहुंची। वहां मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंसी हुई थी और तीन व्यक्ति गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे। SSF टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम के मौके पर पहुंचने पर तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद SSF टीम ने थाना गोराया के जांच अधिकारी बावा सिंह को मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में तीनों शवों को निजी वाहन की व्यवस्था कर सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया गया। इसके बाद SSF टीम ने ड्यूटी अफसर की मदद से मोटरसाइकिल को ट्रक के नीचे से बाहर निकलवाकर थाना गोराया भेज दिया। वहीं, हाइड्रा की मदद से ट्रक को ओवरब्रिज से साइड करवाया गया, ताकि यातायात को सुचारू किया जा सके। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment