नई दिल्ली/पंजाब : राज्यसभा सांसद पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पंजाब के विकास, आर्थिक प्रगति और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल में शामिल होने के बाद गृह मंत्री के साथ उनकी यह पहली मुलाकात थी।
बैठक के दौरान पंजाब की विकास संबंधी प्राथमिकताओं, लोगों की आकांक्षाओं, राज्य में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। पंजाब के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय और सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
राजिंदर गुप्ता ने वर्ष 2029 तक देश, विशेषकर पंजाब को नशामुक्त बनाने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या पंजाब के भविष्य और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने इस अभियान में अपना पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए भाजपा के ‘नशामुक्त पंजाब’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।
गुप्ता ने कहा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, उद्यमशीलता और मेहनतकश लोगों के कारण पंजाब में देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाने की अपार क्षमता है। इस क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए राज्य की आर्थिक नींव को और मजबूत करने, नए निवेश को प्रोत्साहित करने, बुनियादी ढांचे का विस्तार करने तथा युवाओं के लिए सार्थक रोजगार के अवसर पैदा करने की जरूरत है।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पंजाब में आर्थिक पुनरुत्थान और तेज विकास के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उद्योग और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना महत्वपूर्ण है। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से विकास, निवेश और जनकल्याण से जुड़ी पहलों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
राज्यसभा सदस्य होने के साथ राजिंदर गुप्ता ट्राइडेंट समूह के संस्थापक चेयरमैन हैं और उन्हें उद्योग एवं सार्वजनिक जीवन का लंबा अनुभव है। उन्होंने 1980 के दशक में अपनी उद्यमशीलता की यात्रा शुरू की और वर्ष 1985 में अभिषेक इंडस्ट्रीज की स्थापना की। बाद में कारोबार का विस्तार करते हुए ट्राइडेंट समूह को टेक्सटाइल, यार्न, पेपर, केमिकल और उर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किया। समूह की पंजाब और मध्य प्रदेश में प्रमुख विनिर्माण इकाइयां हैं और इसके उत्पाद दुनिया के कई देशों के बाजारों तक पहुंचते हैं।
गृह मंत्री के साथ हुई इस मुलाकात को पंजाब के दीर्घकालिक विकास, नए आर्थिक अवसरों और भावी पीढ़ियों के लिए मजबूत भविष्य की दिशा में संवाद के रूप में देखा जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें