नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का देश के लिए रहा अमूल्य योगदान

 शिमला : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि देश की दो महान विभूतियों की जयंती एक ही दिन है और दोनों का राष्ट्र के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है।


जयराम ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी के सामने उस दौर में देश को स्वतंत्रता दिलाना सबसे बड़ा लक्ष्य था। स्वतंत्रता आंदोलन में अनेक लोगों ने अपनी भूमिका निभाई और कई लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन तक कुर्बान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन को सहजता, सरलता और शांति की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी अपने तर्क और नेतृत्व के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में सफल रहे। देश की स्वतंत्रता के लिए उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता का जो संदेश देश को दिया था, उसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। आज जब देश में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, तब महात्मा गांधी को हमेशा याद किया जाता है। उनकी ओर से दिया गया स्वच्छता का संदेश वर्तमान पीढ़ी के लिए भी महत्वपूर्ण है।

वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल लंबा नहीं रहा, लेकिन कम समय में भी उन्होंने देश पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। वह सरल और सहज स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से आज के दौर में भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

टिप्पणियाँ